Explore

Search

August 28, 2026 12:38 pm

लेटेस्ट न्यूज़

जनजाति क्षेत्र में शिक्षा और सड़क व्यवस्था बदहाल, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

गोगुंदा: जिले के टीएसपी क्षेत्र के मेवाड़ों का मठ में शिक्षा व्यवस्था और सड़क हालात को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शिक्षकों की भारी कमी और जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर एवं शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

एडवोकेट नरसा राम गरासिया ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेवाड़ों का मठ में करीब 306 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन गणित और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। यह क्षेत्र आदिवासी, पिछड़ा और पहाड़ी होने के कारण यहां के विद्यार्थियों के पास निजी शिक्षा के विकल्प भी नहीं हैं। विद्यालय में प्रिंसिपल सहित कुल 12 पद लंबे समय से रिक्त हैं, जबकि वर्तमान में केवल राजनीति विज्ञान और भूगोल विषय के ही शिक्षक कार्यरत हैं। ऐसे में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई बाधित हो रही है।

सिरवाल-भीमाणा स्टेट हाईवे की बदहाल स्थिति, 15 दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

वहीं, ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर बताया कि सिरवाल से भीमाणा तक 11 किलोमीटर लंबा स्टेट हाईवे भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर गड्ढों और पत्थरों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बरसात के मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। कई बार 108 एंबुलेंस भी आने से मना कर देती है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी बताया कि वर्ष 2026-27 के बजट में इस सड़क के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत होने के बावजूद अब तक टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो स्कूल में तालाबंदी की जाएगी, वहीं 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर सिरवाल चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। ग्रामीणों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि अब और इंतजार संभव नहीं है। इस दौरान यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालु भिल, सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट नरसाराम गरासिया भगत सिंह नेहरू नवयुक मंडल अध्यक्ष मेवाडो का मठ, देहात जिला महासचिव दिनेश जोशी एवं एडवोकेट सुखराज गरासिया, सामाजिक कार्यकर्ता मांगीलाल मेघवाल, लालाराम, रुपाराम, भारमाराम वार्ड पंच रुपाराम वार्ड पंच, सरचाराम, चापाराम, जिता राम, दिनेश गरासिया, पिंटा राम, विरमा राम सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर