Explore

Search

August 28, 2026 1:51 pm

लेटेस्ट न्यूज़

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर गोगुंदा विधानसभा में विविध कार्यक्रम, वृक्षारोपण व विकास कार्यों की सौगात

प्राइम टाइम/गोगुंदा: भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में श्रद्धांजलि सभाएं, वृक्षारोपण एवं विकास कार्यों के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को दोहराया।


ग्राम पंचायत मज़ावद, कुकड़ा खेड़ा, दादिया, गोगुंदा, मदारडा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रताप लाल गमेती एवं भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली की मौजूदगी में वृक्षारोपण किया गया। साथ ही दादिया में सहकारिता क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का शिलान्यास भी किया गया। विधायक ने डॉ. मुखर्जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।


वहीं गोगुंदा ग्राम पंचायत में प्रशासक कालूलाल गमेती, युवा नेता हरीश चौधरी सहित बूथ अध्यक्षों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


इधर ग्राम पंचायत मदारडा के बूथ संख्या 212 पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। इस दौरान राष्ट्रवाद, एकात्मता एवं राष्ट्र प्रथम के उनके विचारों को स्मरण करते हुए कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के बाद वृक्षारोपण किया गया तथा निर्माणाधीन अस्पताल भवन का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व उपप्रधान पप्पू राणा, सहकारी समिति अध्यक्ष नाहर सिंह देवड़ा, सरपंच प्रतिनिधि रामलाल गमेती, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भंवर सिंह एवं भारत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर