प्राइम टाइम/गोगुंदा: महावीर जयंती के अवसर पर घोषित ड्राई डे के दौरान गोगुंदा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाई। कार्रवाई के दौरान बीयर और देशी शराब जब्त कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया।
आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (जोन उदयपुर) प्रदीप सिंह सांगावत, जिला आबकारी अधिकारी आदर्श दहिया एवं उपयुक्त (ईडीपीएफ) प्रधुमन सिंह चुण्डावत के मार्गदर्शन में गोगुंदा वृत्त में सघन रेड गश्त की गई।
इस दौरान आबकारी निरीक्षक शंभु सिंह राठौड़ के नेतृत्व में टीम ने सुलाव-कायावास रोड स्थित बिच्छली तिराहे के पास दबिश दी, जहां से कर्नाटक बीयर व देशी शराब बरामद की गई। मौके से आरोपी अजित कुमार पुत्र जागा राम जाट, निवासी चेरावास (पीएस मावली, जिला उदयपुर) को गिरफ्तार किया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि ड्राई डे के चलते शराब की दुकानों के बंद रहने का फायदा उठाकर आरोपी अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री की तैयारी में था। सूचना मिलने पर आबकारी विभाग ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
आबकारी विभाग के अनुसार क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से रेड गश्त और निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में जमादार शंभु सिंह देवड़ा, सिपाही सुरेशराम, रामस्वरूप, शेर सिंह एवं होमगार्ड लोकेश गवारिया का विशेष सहयोग रहा।