Explore

Search

August 29, 2026 2:59 pm

लेटेस्ट न्यूज़

नांदेशमा में ग्रामीणों की सतर्कता रंग लाई, दो संदिग्ध चोर पकड़े, चोरी की बाइक बरामद : लगातार चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने खुद संभाली सुरक्षा की कमान, पुलिस को सौंपे आरोपी

प्राइम टाइम/गोगुंदा: उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के नांदेशमा गांव में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच ग्रामीणों की सतर्कता रंग लाई। गांव में गश्त कर रहे युवाओं ने देर रात दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले कुछ दिनों से मंदिरों और अन्य स्थानों पर लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। इसके चलते ग्रामीणों ने स्वयं रात में गश्त शुरू कर दी थी। घटना वाली रात गश्त का तीसरा दिन था, जब देर रात करीब 1:45 बजे कुछ युवकों को बाइक पर संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा गया।

गश्त कर रहे युवाओं ने जब उनका पीछा किया तो वे बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन करीब 200 से 300 मीटर दूरी पर दोनों को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की 112 टीम ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों के पास से ढोल गांव से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

एक दर्जन से अधिक संदिग्धों की सूचना

गश्त कर रहे युवाओं ने बताया कि उसी दौरान गांव के अलग-अलग रास्तों पर करीब एक दर्जन से अधिक संदिग्ध बाइक सवार नजर आए, जिससे संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है।

चार मंदिरों को बनाया था निशाना

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही चोरों ने नांदेशमा गांव के जैन मंदिर, महादेव मंदिर, ठाकुर मंदिर और चामुंडा माता मंदिर के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा पास के पानरवा क्षेत्र में एक किराना दुकान को भी निशाना बनाया गया था। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने खुद सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली थी।
सायरा थाने के एएसआई शंभूसिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। उन्होंने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना करते हुए सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर