गोगुंदा। कस्बे के गरियावास निवासी स्वर्गीय लहरी बाई के निधन के लगभग एक वर्ष बाद उनके पति एवं नामित (नॉमिनी) हिर सिंह को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत ₹2 लाख की बीमा राशि प्राप्त हुई। 23 जुलाई को यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा हुई, जिससे परिवार को आर्थिक संबल मिला।
यह बीमा क्लेम लंबे समय से लंबित था, जिसे श्रम सारथी एवं अरावली निर्माण मजदूर संगठन के सतत प्रयासों, मार्गदर्शन और निरंतर पैरवी के चलते सफलतापूर्वक स्वीकृति मिल सकी। इस पूरी प्रक्रिया में यूनियन बैंक शाखा के शाखा प्रबंधक नरेश पारीक, हार्दिक पटेल तथा श्रम सारथी वित्तीय मित्र भावेश मेघवाल का विशेष सहयोग रहा।
सभी संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयासों से लंबे समय से अटका हुआ बीमा प्रकरण सुलझा और अंततः नॉमिनी को योजना का लाभ प्राप्त हुआ। इस अवसर पर श्रम सारथी टीम ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा कवच है।
टीम ने आमजन से अपील की कि अपने बैंक खातों में नॉमिनी का विवरण सही एवं अद्यतन रखें तथा बीमा से जुड़े सभी दस्तावेज समय पर पूर्ण करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पात्र परिवार को बिना अनावश्यक विलंब के योजना का लाभ मिल सके।