Explore

Search

August 28, 2026 1:54 pm

लेटेस्ट न्यूज़

पदराड़ा में रात को घर में घुसकर मारपीट व लूट का आरोप, पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली

प्राइम टाइम/गोगुंदा: गोगुंदा क्षेत्र के पदराड़ा गांव में एक परिवार ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, धमकी देने और लाखों रुपये के सामान लूटने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पदराड़ा गांव के अंदर हल्का आबादी रावला मोहल्ले में रहने वाले परिवादी ने न्यायालय में परिवाद पेश करते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ मकान में निवास करता है तथा उसकी 90 वर्षीय लकवा पीड़ित मां की देखभाल भी वही करता है। परिवादी के अनुसार उसके मकान के पास स्थित एक कच्चा पुश्तैनी मकान उसके हिस्से में आया हुआ है, जिसमें कृषि उपकरण सहित अन्य सामान रखा हुआ था।
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे कुछ लोग उनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाकर अंदर घुस गए। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। परिवादी की पत्नी को अकेला देखकर आरोपियों ने डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
परिवादी का कहना है कि आरोपियों ने पास स्थित कच्चे मकान का दरवाजा तोड़कर उसमें रखा कृषि उपकरण, लोहे के सामान, लकड़ी के दरवाजे-खिड़कियां, मार्बल-टाइल्स सहित अन्य कीमती सामान जबरन उठा लिया। इस घटना से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान होने का आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान पीड़ित ने 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवादी ने बताया कि अगले दिन साक्ष्य के रूप में फोटो व वीडियो लेकर थाना स्तर पर भी जानकारी दी गई, फिर भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी अब भी उन्हें डराने-धमकाने के साथ मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है।
मामले में परिवादी ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए न्यायालय में परिवाद पेश किया है। न्यायालय ने प्रकरण को स्वीकार करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सायरा को जांच के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर