प्राइम टाइम/गोगुंदा: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस (6 अप्रैल) के उपलक्ष्य में नांदेश्मा व सायरा मंडलों में अलग-अलग बैठकों का आयोजन कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। दोनों स्थानों पर आयोजित बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती से धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए।
नांदेश्मा मंडल में श्री घटा माता मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस पर घर-घर भाजपा का झंडा लगाया जाएगा तथा पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही बूथ स्तरीय बैठकों का आयोजन, गांवों में गुड़ व मिठाई वितरण, घर-घर संपर्क अभियान चलाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे। साथ ही 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े स्तर पर मनाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में स्थापना दिवस प्रभारी पप्पू राणा भील, मंडल अध्यक्ष नवल सिंह चदाणा, संयोजक कमलेश पालीवाल, महामंत्री जितेंद्र श्रीमाली, किसान मोर्चा अध्यक्ष फतेह लाल जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं सायरा मंडल में हनुमान टेकरी पर आयोजित बैठक में मंडल प्रभारी दयालाल चौधरी ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस कार्यक्रमों को लेकर जिम्मेदारियों का बोध कराया। संयोजक बाबू सिंह खरवड़ ने पार्टी की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष करण जोशी ने की, जबकि संचालन पूर्व मंडल उपाध्यक्ष नाथू सिंह ने किया। बैठक में आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर भी रणनीति पर चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
बैठकों में विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।