शिवम हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे परामर्श, विभिन्न रोगों की जांच व उपचार संबंधी मार्गदर्शन मिलेगा
गोगुन्दा। ग्राम पंचायत मेवाड़ो का मठ मुख्यालय पर शुक्रवार को नि:शुल्क विशाल चिकित्सा एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में शिवम हॉस्पिटल गोगुन्दा के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा क्षेत्रवासियों को विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर का आयोजन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा।
शिविर में हड्डी रोग, जनरल मेडिसिन, महिला एवं प्रसूति स्वास्थ्य, बच्चों के स्वास्थ्य, आंख-कान-नाक-गला (ईएनटी), त्वचा रोग तथा पेट एवं पाचन संबंधी रोगों के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आवश्यक जांच एवं दवाइयों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
आयोजकों के अनुसार शिवम हॉस्पिटल प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना (PM-JAY) एवं मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (MAA) योजना के तहत पंजीकृत है। शिविर के दौरान पात्र परिवारों को इन योजनाओं से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों तथा भर्ती होने की स्थिति में कैशलेस उपचार की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
शिविर ग्राम पंचायत मेवाड़ो का मठ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। सरपंच पार्वती बाई एवं सामाजिक कार्यकर्ता नरेश गरासिया ने क्षेत्र के ग्रामीणों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लेने की अपील की है।

