Explore

Search

October 25, 2026 12:55 am

राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी मेवाड़ को भावभीनी श्रद्धांजलि राजमहल में गणमान्यजनों एवं आमजन ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

राजमहल में आयोजित शोकसभा में गणमान्यजनों एवं आमजन ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

उदयपुर, 16 सितम्बर। राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी मेवाड़ के देवलोक गमन पर बुधवार को उदयपुर के राजमहल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। दोपहर 2 से 3 बजे तक आयोजित सभा में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्यजन, विशिष्ट व्यक्तियों सहित बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे और राजमाता साहिबा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने राजमाता साहिबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन समर्पित किए। साथ ही श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा मेवाड़ राजपरिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

इस दौरान लोगों ने राजमाता साहिबा के स्नेह, सरलता, गरिमामय व्यक्तित्व और समाज के प्रति आत्मीय जुड़ाव को स्मरण किया। उपस्थितजनों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबारामजी, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह देव, बलांगीर की भाजपा सांसद संगीता कुमारी सिंह देव, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, मध्यप्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया, मार्बल व्यवसायी विमल पटनी सहित बोहरा समाज के गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

राजमहल में इस दौरान वातावरण भावुक और शोकपूर्ण रहा। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के सुपुत्र हरिराज सिंह मेवाड़ ने उपस्थित गणमान्यजनों एवं आमजन का अभिवादन स्वीकार कर आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने मौन एवं श्रद्धाभाव के साथ राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी मेवाड़ को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर