प्राइम टाइम/गोगुंदा: क्षेत्र की ग्राम पंचायत विजय बावड़ी में शुक्रवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी बात रखी तथा कुल 40 शिकायतें दर्ज करवाईं। प्रशासन ने सभी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।

चौपाल में ग्रामीणों ने रास्ता निर्माण, सामुदायिक भवन, पेयजल व्यवस्था, बार-बार बिजली गुल होने तथा खस्ताहाल सड़कों जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विजय बावड़ी, मदारड़ा एवं सुआवतों का गुड़ा गांवों में जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़ी पानी की टंकियों एवं लंबित पेयजल कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। इस पर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए पीएचईडी की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे, तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी प्रवीण पानेरी, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता रोहित सिंह गुहिल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के रमेश कुमार श्योराण, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रेरणा नौसलिया, थानाधिकारी श्याम सिंह चारण, पूर्व उपप्रधान पप्पू राणा, नाहर सिंह देवड़ा, राम लाल गमेती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।