गोगुंदा (उदयपुर)। उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर घसियार के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां रॉन्ग साइड से आ रही ‘राजस्थान सरकार’ लिखी कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डांगीयो का गुड़ा निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं उसका एक पैर भी टूट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे की सूचना तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल युवक को निजी वाहन से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।