लोसिंग में मंदिरों की सिलसिलेवार चोरियों से दहशत, धारदार हथियारों के साथ चार संदिग्ध CCTV में कैद
एसपी को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों ने मांगी आरोपियों की गिरफ्तारी, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग
गोगुंदा। थाना क्षेत्र के लोसिंग गांव एवं आसपास के इलाकों में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। चोरों द्वारा मंदिरों के साथ घरों और मोटरसाइकिलों को भी निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

लोसिंग के प्रशासक हेमंत श्रीमाली ने बताया कि 2 अगस्त की रात गांव के प्रमुख मंदिरों में चोरी की वारदात हुई। इसके बाद 8 अगस्त की रात भी 2-3 मंदिरों में चोरी के साथ मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आईं। ग्रामीणों के अनुसार चोर घरों के मुख्य दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा देते हैं और लोगों को घर के अंदर बंद करने के बाद बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार चदाणा की भागल स्थित आशापुरा मंदिर के पास लगे CCTV कैमरे में चार संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। फुटेज में संदिग्धों के हाथों में धारदार हथियार नजर आने की बात कही गई है। करीब 1 मिनट 48 सेकंड के CCTV फुटेज को पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। चोरी की सूचना के बाद 3 अगस्त को गोगुंदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा भी लिया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि CCTV फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी है।
ग्रामीणों के मुताबिक चोरी की घटनाएं पीपलाज माता मंदिर, भुआज माता मंदिर, आशापुरा मंदिर, रामदेवजी मंदिर, चारभुजा मंदिर लोसिंग, मामादेव बावजी मंदिर और कालिका माता मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर हुई हैं। आरोप है कि मंदिरों से चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी किया गया।
लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के साथ क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने एसपी से मांग की कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए, पूर्व में चोरी की घटनाओं में लिप्त संदिग्धों से पूछताछ की जाए तथा लोसिंग एवं आसपास के गांवों में नियमित रात्रिकालीन पुलिस गश्त शुरू की जाए।
ग्रामीणों ने मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी व्यवस्था करने के साथ चोरी हुए चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद करने और चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करने की भी मांग की।
ज्ञापन देने वालों में रामचन्द्र पालीवाल, देवीसिंह चदाणा, शंकर सिंह चदाणा, लालसिंह चदाणा, मोहन सिंह, अम्बाव सिंह, इंदरलाल नाई, प्रकाश श्रीमाली, विनोद पालीवाल, केशूलाल मेघवाल, नोजी राम मेघवाल, खेमसिंह, मान सिंह, किशन सिंह, केसर सिंह, रोड सिंह, पेमा गमेती, वेणा गमेती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।