प्राइम टाइम/डेस्क: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यों के लिए IIFL फाउंडेशन को राजस्थान सरकार के प्रतिष्ठित भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जयपुर में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार माननीय उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री द्वारा फाउंडेशन को प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि IIFL फाउंडेशन ने इस वर्ष राज्य के टॉप-5 भामाशाह पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में स्थान बनाया है।
फाउंडेशन द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों—उदयपुर, सलूम्बर, सिरोही और बारां—के सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। इसके अंतर्गत कक्षाओं का निर्माण, शौचालय, सोलर पैनल, स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर, फर्नीचर, वॉटर कूलर, स्कूल बैग सहित अन्य शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

बारां जिले में नए विद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहीं सिरोही जिले के दुर्गम उतराज गांव तक संसाधन पहुँचाने के लिए टीम ने कई किलोमीटर पैदल चलकर सोलर पैनल एवं फर्नीचर उपलब्ध कराया, जो फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में IIFL फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी का प्रतीक है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
