Explore

Search

August 28, 2026 1:51 pm

लेटेस्ट न्यूज़

साइड विवाद बना जानलेवा: 7 दिन में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

प्राइम टाइम/गोगुंदा: बेकरिया थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल साइड को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले का महज 7 दिन में खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात में शामिल 2 अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 6 मई 2026 को प्रार्थी मालाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई मेवाराम अपने परिजनों व साथियों के साथ पीपली खेड़ा से लौट रहा था। इसी दौरान टकरी घाटी के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार और छुरी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मेवाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल व पर्स लूटकर फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि घटना का कारण मामूली साइड विवाद था। आरोपी गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे थे और सामने से सही दिशा में आ रहे मेवाराम व उसके साथियों से साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने घातक हमला कर दिया।
थानाधिकारी उत्तम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भरत (27), राकेश (20), मुन्ना उर्फ मनीष (20) और प्रवीण (20) शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर