सायरा। सायरा थाना परिसर के पीछे तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से क्षेत्र में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि थाने की बिल्डिंग के पीछे से एक तेंदुए को आते हुए देखा गया। कुछ देर तक आसपास नजर आने के बाद तेंदुआ पास की झाड़ियों में चला गया और वहां से गायब हो गया।
तेंदुआ दिखाई देने की सूचना के बाद आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आमजन से सतर्क रहने की अपील की गई है। लोगों को विशेष रूप से रात के समय अकेले बाहर निकलने से बचने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि तेंदुए की गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें और अफवाहों से बचें।