प्राइम टाइम/गोगुंदा : जिले के सायरा थाना क्षेत्र के रावो का सायरा गांव में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 60 वर्षीय मोहनलाल मेघवाल का खून से लथपथ शव उनके ही खेत में मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।
शाम को घर से निकले, सुबह खेत में मिला शव
परिजनों के अनुसार, मोहनलाल रविवार शाम करीब 4:30 बजे घर आए थे और कुछ देर बाद नहा-धोकर एक परिचित व्यक्ति के साथ बाहर चले गए। उन्होंने जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन रातभर घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों को सूचना मिली कि उनका शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में पड़ा है।
शरीर पर गंभीर चोटों के निशान, हत्या की आशंका
सूचना पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर, गले, पीठ और मुंह पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने नुकीले हथियार या पत्थरों से हमला किया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, जुटाए जा रहे साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरवा के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) गोपाल चंदेल मौके पर पहुंचे और जांच का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब), एमओबी (मोडस ऑपरेंडी ब्यूरो) टीम तथा डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजा और नौकरी की मांग
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना है कि मोहनलाल शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी सजा देने, परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। हालांकि कुछ समय तक परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही लेकिन गिर्वा डीवाईएसपी गोपाल चंदेल एवं सायरा थानाधिकारी काना राम सिरवी द्वारा समझाइश के बाद परिजन शांत हुए ओर पुलिस का सहयोग करने का भरोसा जताया।
इनका कहना है
“सोमवार सुबह करीब 8:45 बजे घटना की सूचना मिली थी। उदयपुर एसपी अमृता दुहन ओर गिर्वा डीवाईएसपी गोपाल चंदेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मामले की गहन जांच की जा रही है और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी”
काना राम सिरवी
थानाधिकारी, सायरा