गोगुंदा। थाना क्षेत्र के सेमटाल गांव में दूध का कारोबार करने वाले एक व्यापारी के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार तीन अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और जबरन संदिग्ध तरल पदार्थ पिलाने के बाद जेब में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार सेमटाल निवासी किशन लाल पुत्र शंकर लाल पालीवाल गांव-गांव से दूध एकत्र कर उसे बेचने का काम करते हैं। बताया गया कि वे बैंक से रुपए निकालकर घर लौट रहे थे। रास्ते में अपने खेत पर पानी की मोटर बंद करने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
पीड़ित के अनुसार दो बदमाशों ने उनके हाथ पकड़ लिए, जबकि तीसरे बदमाश ने छोटी बोतल से उनके मुंह में कोई संदिग्ध तरल पदार्थ डाल दिया। इसके बाद किशन लाल ने शोर मचाना शुरू किया तो बदमाश उनकी जेब में रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
किशन लाल की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए गोगुंदा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने गोगुंदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना के संबंध में आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है।