उदयपुर, 27 जुलाई। होटल एसोसिएशन उदयपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शहर के रामी रॉयल, बलीचा (अहमदाबाद हाईवे) में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिकों, उद्यमियों तथा बड़ी संख्या में एसोसिएशन के सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने अपने संबोधन में कहा कि उदयपुर की पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी हितधारकों को समन्वय, नवाचार और सहभागिता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि एसोसिएशन उद्योग के हितों की प्रभावी पैरवी कर पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। वहीं सचिव विकास पोरवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा होटल एवं पर्यटन उद्योग के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।