Explore

Search

August 28, 2026 12:39 pm

लेटेस्ट न्यूज़

2 अप्रैल को जरगाजी नया स्थान पर भव्य स्वागत समारोह, पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपानिया की भजन संध्या होगी आकर्षण

महामेघ धर्म जागरण यात्रा का होगा भव्य स्वागत, मेवाड़ अंचल में धार्मिक व सामाजिक चेतना का संदेश

प्राइम टाइम/गोगुंदा: मेवाड़ अंचल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जरगाजी नया स्थान पर 2 अप्रैल को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का भव्य संगम देखने को मिलेगा। यहां महामेघ धर्म जागरण यात्रा के आगमन पर स्वागत समारोह के साथ विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पद्मश्री से सम्मानित कबीर भजन गायक प्रहलाद सिंह टिपानिया की प्रस्तुति होगी, जो अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
जानकारी के अनुसार, यह पांच दिवसीय यात्रा 30 मार्च को भीलवाड़ा जिले के झरना महादेव से प्रारंभ होकर मेवाड़, मगरा, वोराट, गोड़वाड़ और मारवाड़ क्षेत्र के करीब 500 गांवों से गुजरते हुए 2 अप्रैल को जरगाजी नया स्थान पहुंचेगी। यात्रा संयोजक देवी लाल मेघवंशी ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य मेघवाल समाज में जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से शिक्षा, संगठन, परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक समता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा में संत, समाजसेवी, युवा, साहित्यकार, कलाकार एवं बुद्धिजीवी भी शामिल होंगे, जिससे विचारों का आदान-प्रदान संभव हो सके।
साहित्यकार भंवर मेघवंशी ने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने का एक सशक्त प्रयास है।
इधर, जरगाजी विकास ट्रस्ट (नया स्थान) के अध्यक्ष गुलाब मेघवाल ने बताया कि यात्रा के स्वागत को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। गांव-गांव में बैठकों के माध्यम से लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। उपाध्यक्ष नाना लाल मेघवाल के अनुसार, सायरा, पुनावली सहित आसपास के क्षेत्रों में पंच-पटेलों के साथ बैठकें कर आयोजन को भव्य बनाने की रणनीति बनाई जा रही है।
भजन संध्या को लेकर जेबीआर ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष भोजाराम सालवी ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर