Explore

Search

August 28, 2026 1:55 pm

लेटेस्ट न्यूज़

20 सेकंड में बाइक गायब, दूसरी घर के बाहर से पार—गोगुंदा में चोरों के हौसले बुलंद

प्राइम टाइम/गोगुंदा (उदयपुर)। जिले के गोगुंदा कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में दो अलग-अलग स्थानों से चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से दो बाइक चोरी कर लीं। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों ही वारदातें सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद अब तक चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

20 सेकंड में बाइक चोरी, होटल के बाहर वारदात

बाइक चोरी की घटना गोगुंदा में भारत गैस ऑफिस के पास स्थित होटल जय अम्बे के बाहर की है। यहां होटल कर्मचारी नारू लाल गमेती की हीरो स्प्लेंडर प्लस (RJ 27 AB 3361) खड़ी थी। अलसुबह करीब 4 बजे एक अज्ञात युवक मौके पर पहुंचा और महज 20 सेकंड में बाइक के लॉक से वायर तोड़कर उसे स्टार्ट कर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद होटल मालिक धीरज खटीक ने कर्मचारी की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सराहनीय पहल करते हुए घोषणा की है कि बाइक का सुराग देने या चोर को पकड़वाने वाले को 5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।

घर के बाहर से पल्सर चोरी, थाने में मामला दर्ज

इससे कुछ ही दिन पूर्व भी ऐसी ही वारदात गोगुंदा कस्बे के तकियों का भीलवाड़ा क्षेत्र में सामने आई। पीड़ित अर्जुन लाल गमेती ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 7 मई 2026 को उनकी बजाज पल्सर NS 125 (RJ 27 JB 1038) घर के बाहर खड़ी थी, जो रात करीब 3 बजे के आसपास चोरी हो गई। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने गोगुंदा थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

लगातार वारदातों से जनता में रोष

क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरियों से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि चोरों के मन से पुलिस का डर खत्म हो चुका है।

इधर, गोगुंदा थाना पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बाइकें बरामद करने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर